कंदेला गांव में हुई हत्या के मुख्य आरोपित हिस्ट्रीशीटर राजमणि सिंह समेत तीन गिरफ्तार
अयोध्या, 28 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अयोध्या में पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कंदेला गांव में हुई हत्या का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा किया। 25 अगस्त को हिस्ट्रीशीटर रामलगन मौर्य की गोली और बम मारकर हत्या की गई थी। हत्या के मामले में मुख्य आरोपित हिस्ट्रीशीटर राजमणि सिंह समेत तीन अभियुक्तों को स्वाट/सर्विलांस व थाना पूराकलन्दर की संयुक्त पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में राजमणि सिंह, दीपक प्रजापति और मनीष शर्मा शामिल हैं। घटना में शामिल एक कार, एक पिस्टल, एक मैगजीन व 04 कारतूस बरामद किया गया। पुरानी जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त को आरोपितों ने लखनऊ से फर्जी आईडी पर काली हुंडई वरना खरीदी। 25 अगस्त की शाम कंदेला गांव की नहर पुलिया पर रामलगन मौर्य पर हमला किया गया। गोली और बम से किए गए हमले में रामलगन मौर्य की मौत हो गई। हमले में रामलगन की मां पार्वती देवी भी गंभीर रूप से घायल हुईं, लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है। स्वाट, सर्विलांस और पूराकलंदर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की, जबकि पांच आरोपित अभी फरार हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने शुक्रवार को बताया कि हत्या की घटना कारित करने वाले तीन वांछित अभियुक्तों को स्वाट/सर्विलांस व थाना पूराकलन्दर की संयुक्त पुलिस टीम ने किया गिरफ्तार है। एक कार, एक पिस्टल, एक मैगजीन व 04 कारतूस बरामद कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

