home page

राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के छात्र के पास बम बनाने का कथित प्रैक्टिकल मिलने से हड़कंप, हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस

 | 
राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के छात्र के पास बम बनाने का कथित प्रैक्टिकल मिलने से हड़कंप, हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस


अयोध्या, 01 अगस्त (हि.स.)। राजर्षि दशरथ राजकीय मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर में एक्स-रे टेक्नीशियन (डिप्लोमा) के एक छात्र के पास कथित तौर पर बम बनाने से संबंधित प्रैक्टिकल/नोट्स मिलने की सूचना से शनिवार को कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी छात्र से पूछताछ कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि छात्र मूल रूप से बलरामपुर जिले का निवासी है और उसने इसी वर्ष मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया था। सूचना मिलने के बाद पहले उसे दर्शननगर पुलिस चौकी और फिर कोतवाली अयोध्या ले जाया गया, जहां पर पुलिस और एजेंसियां उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन छात्र का रिकॉर्ड, प्रवेश संबंधी दस्तावेज और परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहा है। वहीं पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी है और आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। इस बीच कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय