home page

सोते युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, सिर में धंसा हथियार; गंभीर हालत में कोटा रेफर

 | 
सोते युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, सिर में धंसा हथियार; गंभीर हालत में कोटा रेफर


बारां, 12 जुलाई (हि.स.)। जिले के भंवरगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक युवक पर घर में घुसकर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गया, जबकि युवक के सिर में कुल्हाड़ी धंस गई। गंभीर हालत में उसे पहले भंवरगढ़, फिर बारां जिला अस्पताल और बाद में कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका ऑपरेशन कर कुल्हाड़ी निकालने का प्रयास किया गया।

पुलिस के अनुसार घटना शनिवार रात करीब दो बजे आमापुरा गांव में हुई। घायल की पहचान रामजीलाल (30) के रूप में हुई है, जो ट्रैक्टर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। घटना के समय रामजीलाल अपनी पत्नी ममता और बेटी के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात बदमाश घर में घुसा और उसके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर फरार हो गया।

घायल की पत्नी ममता ने बताया कि पति के चीखने की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली। तब तक हमलावर भाग चुका था और रामजीलाल के सिर में कुल्हाड़ी धंसी हुई थी। आसपास के लोगों की मदद से उसे तत्काल भंवरगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बारां जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां भी चिकित्सक कुल्हाड़ी नहीं निकाल सके, जिसके बाद रविवार सुबह उसे कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार कुल्हाड़ी सिर के भीतर तक धंसने से मस्तिष्क को गंभीर क्षति पहुंची है। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और ऑपरेशन के जरिए हथियार निकालने का प्रयास किया गया। पत्नी ने बताया कि उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं है। ऐसे में हमला किसने और किस कारण किया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

भंवरगढ़ थाना अधिकारी गोपीलाल आर्या ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की तलाश के लिए कई पुलिस टीमों को लगाया गया है। घायल के बयान दर्ज करने के लिए एक पुलिस अधिकारी को कोटा भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित