home page

धार: टेस्ट ड्राइव के बहाने लूट और हत्या का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार

 | 
धार: टेस्ट ड्राइव के बहाने लूट और हत्या का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार


धार, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के धार जिले के डही क्षेत्र में ऑटो डील शोरूम से टेस्ट ड्राइव के बहाने वाहन लूटकर कर्मचारी की हत्या करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो बाल अपचारी भी शामिल हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 11 अप्रैल को कुक्षी रोड स्थित एक ऑटो डील शोरूम पर तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। आरोपियों ने बोलेरो वाहन खरीदने की बात कहकर गाड़ी देखी और फीचर्स जांचने के दौरान चालक सीट पर बैठ गए। इसी दौरान वे शोरूम कर्मचारी साहिल को साथ लेकर वाहन सहित फरार हो गए।

घटना के बाद फरियादी मोहम्मद हारून खत्री की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सघन तलाश के दौरान 12 अप्रैल को कर्मचारी साहिल का शव सुसारी से करीब 2 किलोमीटर दूर बरामद हुआ।

पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर एक आरोपी की पहचान सुनिल पिता राधे सिंह मीणा (24) निवासी आम्बी, जिला अलीराजपुर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दो अन्य बाल अपचारियों की संलिप्तता सामने आई।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वाहन लेकर भागते समय कर्मचारी ने विरोध किया, जिस पर उसे गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव को छिपाने के लिए सुसारी के पास सुनसान स्थान पर झाड़ियों में डाल दिया गया।

आरोपियों ने बताया कि भागते समय वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद वे पैदल ही वहां से फरार हो गए। बाद में अपने एक अन्य साथी की मदद से मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुक्षी-अलीराजपुर मार्ग से अपने गांव पहुंच गए। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi