home page

ऑटो में सवारी बनकर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

 | 
ऑटो में सवारी बनकर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार


कानपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। ऑटो में सवारी बनकर चोरी करने वाले चार शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए थाना फीलखाना पुलिस ने शुक्रवार को चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग अकेले यात्रियों को निशाना बनाकर उनका सामान पार कर देता था। पुलिस ने अधिकांश चोरी का सामान बरामद कर लिया। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पहचान कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सहायक पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह ने बताया कि थाना फीलखाना की दो टीमों ने करीब सौ से भी ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और सर्विलांस की मदद से गिरोह की पहचान की और गांधी भवन केईएम हॉल के पास से चारों को पकड़ा गया।

यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात करता था। ऑटो में पहले से तीन लोग सवारी बनकर बैठे रहते थे, जबकि चौथा युवक अकेले यात्री को आगे बैठा लेता था। इसके बाद ऑटो को तेज और लापरवाही से चलाया जाता था, जिससे यात्री खुद को संभालने में व्यस्त हो जाता था और उसी दौरान उसका सामान निकाल लिया जाता था।

आगे उन्होंने बताया कि वारदात के बाद वाहन खराब होने या रास्ता बदलने का बहाना बनाकर यात्री को बीच रास्ते में उतार दिया जाता था और सभी मौके से निकल जाते थे। यह गिरोह शहर के जाजमऊ, मालरोड, घंटाघर, टाटमिल चौराहा, झकरकट्टी, रामादेवी, मूलगंज और परेड चौराहा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय था।

पकड़े गए शातिरों की पहचान मोहम्मद तालिब निवासी पीपरखेड़ा (उन्नाव), फहाद अली, अल्ताफ खान निवासी मीरपुर कैंट और मिराज खान उर्फ मुन्ना निवासी जाजमऊ शामिल है।

पुलिस ने शातिरों पास से 9,640 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है तालिब और अल्ताफ का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। सभी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप