ऑटो चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, प्रेम-प्रसंग मामले की शुरू हुई जांच
कानपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को मैदान में ऑटो चालक का संदिग्ध हालात में शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कच्ची बस्ती निवासी सोनू (22) के रूप में हुई। वह ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार रात खाना खाने के बाद वह घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
आज घर के पीछे स्थित मैदान में उस का शव पड़ा होने की जानकारी मिली। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि सोनू को देर रात मैदान में किसी से मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए देखा गया था।
पुलिस ने मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल समेत अन्य जानकारियां जुटानी शुरू कर दी हैं। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मौत से पहले सोनू किन लोगों के संपर्क में था। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
चौकी प्रभारी समर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद की आशंका है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

