home page

नहर किनारे झाड़ियों में मिला मासूम बच्ची का शव

 | 
नहर किनारे झाड़ियों में मिला मासूम बच्ची का शव


औरैया, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद अछल्दा थाना क्षेत्र के मदा का पुरवा गांव के सामने सोमवार शाम नहर किनारे झाड़ियों की आड़ में एक मासूम बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल बच्ची की पहचान नहीं हो सकी है।

थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे कुछ लोग शौच के लिए नहर की तरफ गए थे। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ियों के बीच नहर किनारे पड़े बच्ची के शव पर पड़ी। शव देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर वे कस्बा इंचार्ज रजनीश कुमार, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, मेवालाल और जयप्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। बच्ची के बाएं पैर पर किसी जानवर के काटने जैसे निशान दिखाई दिए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर बच्ची की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। बच्ची नहर तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार