आठ माह से फरार गैंगस्टर एक्ट की वांछित महिला गिरफ्तार
औरैया, 13 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में ऐरवाकटरा थाना पुलिस ने शु्क्रवार काे गैंगस्टर एक्ट के मामले में आठ माह से फरार चल रही वांछित महिला को इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के परसुपुरा गांव से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार महिला की पहचान कल्लो पत्नी स्वर्गीय घासी के रूप में हुई है, जाे मूलरूप से राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की रहने वाली है। पुलिस मीडिया सेल ने बताया कि सात सितंबर 2025 को ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के कल्यानपुर बरौनाकला गांव से 48 गोवंश बरामद किए गए थे। इस मामले में कल्लो सहित छह आरोपितों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा था। बाद में आरोपितों ने जमानत करा ली थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों का संगठित गिरोह होने के कारण उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में कल्लो पिछले आठ माह से फरार चल रही थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

