home page

औरैया : चाचा के घर चोरी करने वाला भतीजा गिरफ्तार, 17 लाख के जेवर बरामद

 | 
औरैया : चाचा के घर चोरी करने वाला भतीजा गिरफ्तार, 17 लाख के जेवर बरामद


-अजीतमल पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ किया चोरी की घटना का खुलासा

औरैया, 05 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी की वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के ही भतीजे ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 17 लाख रुपये कीमत के शत-प्रतिशत चोरी हुए आभूषण बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल बेलचा भी बरामद हुआ है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि शास्त्रीनगर निवासी उमेश कुमार 21 अक्टूबर को पत्नी और बच्चों के साथ अछल्दा में एक रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने घर के पीछे के दरवाजे से अंदर घुसकर आलमारी का लॉकर तोड़ दिया और सोने के जेवरात चोरी कर लिए थे। उमेश की तहरीर पर अजीतमल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

गुरुवार की शाम थाना अजीतमल पुलिस और स्वाट-सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांधी नगर मोहल्ले में पावर हाउस के पास एनएच-19 हाईवे से अंशुल उर्फ यश (21) पुत्र अम्बेश कुमार दोहरे निवासी शास्त्रीनगर, अजीतमल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उमेश कुमार उसके चाचा हैं और उसका उनके घर आना-जाना था। इसी वजह से उसे घर में रखे जेवरात की जानकारी थी। चाचा के परिवार सहित बाहर जाने पर उसने अपने घर से बेलचा लिया और उनके मकान में पहुंच गया। अंदर से बंद दरवाजे को धक्का देकर खोलने के बाद बेलचे से आलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात चोरी कर लिए। बाद में उसने इन्हें अपने घर के पीछे बने टूटे कमरे के मलबे में ईंटों के नीचे छिपा दिया था।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 10.947 ग्राम की अंगूठी, 8.097 ग्राम के झाले, 35.109 ग्राम की सोने की माला, 18.292 ग्राम के माला के तीन टुकड़े, 28.706 ग्राम का ब्रेसलेट और 6.148 ग्राम की दूसरी अंगूठी बरामद की। बरामद सोने के आभूषणों का कुल वजन 107.299 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार