दवाइयों की आड़ में अंतरराज्यीय शराब तस्करी का खुलासा, एक आराेपित गिरफ्तार
औरैया, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली पुलिस और स्वाॅट/सर्विलांस टीम ने दवाइयों की आड़ में अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चंडीगढ़ निर्मित 80 पेटी अंग्रेजी शराब, 83 पैकेज दवाइयां और तस्करी में प्रयुक्त डाक पार्सल लिखे लोडर को बरामद किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये और लोडर की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने रविवार काे बताया कि धनतेरस और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार रात अजीतमल थाना पुलिस और स्वाॅट/सर्विलांस की संयुक्त टीम अनंतराम टोल प्लाजा पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि डाक पार्सल लिखे एक लोडर में दवाइयों की आड़ में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है।
सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-19 पर इटावा से औरैया मार्ग स्थित कस्बा अजीतमल के भटा रोड के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध लोडर को रोक लिया। तलाशी के दाैरान उसमें चंडीगढ़ निर्मित 80 पेटी अंग्रेजी शराब और 83 पैकेज दवाइयां बरामद हुईं। दवाइयों से संबंधित चालान, रसीद और बिल भी मिले। पुलिस ने मौके से लोडर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान रामकुमार पुत्र प्रेमचंद्र निवासी महादेव पूर्वा, थाना इंदरगढ़, जिला कन्नौज के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि पुलिस और अन्य लोगों को शक न हो, इसलिए वह डाक पार्सल लिखे लोडर में दवाइयों के साथ शराब छिपाकर ले जाता था। वह चंडीगढ़ (हरियाणा) से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार में महंगे दामों पर बेचता था। आरोपित ने पूर्व में मोतिहारी और मुजफ्फरपुर (बिहार) में दो बार जेल जाने की बात भी बताई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में थाना अजीतमल में मुकदमा अपराध संख्या 429/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी विजय बहादुर वर्मा, स्वाॅट/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह और ऊंचा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राम बालक सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

