औरैया : आटा चक्की कारखाने में घुसे चाेराें ने पार की ढाई लाख की नकदी
औरैया, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमावता में बुधवार रात चोरों ने एक आटा चक्की कारखाने को निशाना बनाया। चाेराें ने कारखाने में दो गोलकों (गल्लों) में रखी करीब ढाई लाख रुपये की नकदी पार कर दी। चोरी की वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अमावता निवासी शिवेंद्र सिंह पुत्र महावीर सिंह का आटा चक्की कारखाना जियो टावर के पास स्थित है। बीती रात बुधवार काे अज्ञात चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर कारखाने में रखे दो गोलकों को निशाना बनाया और उनमें रखी करीब ढाई लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। घटना के समय पीड़ित के करीब 76 वर्षीय पिता महावीर सिंह कारखाने में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।गुरुवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई।
इस संबंध में अजीतमल कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

