शादी से लौट रहे परिवार पर हमला, मर्चेंट नेवी अधिकारी समेत तीन घायल
औरैया, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शादी समारोह से घर लौट रहे एक परिवार की कार को बाइक सवार हमलावरों ने रास्ते में घेरकर रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। फफूंद थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथ के पास हुई इस घटना में मर्चेंट नेवी अधिकारी समेत तीन लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी पिंटू राजावत (45) बुधवार देर शाम अपनी बेटी मांसी (20) और गांव के ही मर्चेंट नेवी अधिकारी मनोहर उर्फ संदीप (32) के साथ फफूंद थाना क्षेत्र के गांव कुठर्रा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात तीनों कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव रघुनाथ के पास बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया और रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने तीनों को निशाना बनाया, जिसमें पिंटू राजावत और मनोहर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मांसी को भी चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
फफूंद थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने गुरुवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हमले में शामिल आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

