home page

खेत में मिला बुजुर्ग किसान का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका

 | 
खेत में मिला बुजुर्ग किसान का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका


औरैया, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र में कस्बे के मोहल्ला मोतीपुर निवासी 69 वर्षीय बुजुर्ग किसान का शनिवार सुबह खेत में क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक किसान शुक्रवार शाम खेत की जुताई कराने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। शनिवार सुबह परिजन तलाश करते हुए खेत पर पहुंचे, तो ट्यूबवेल के पास उनका शव पड़ा मिला। चेहरे का आधा हिस्सा अलग था। शव की हालत देखकर धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सुरेश कुशवाहा (६९) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह नगर के व्यापारी ऊधम चंद्र अग्रवाल की जमीन बटाई पर लेकर खेती करते थे। शुक्रवार शाम वह खेतों की जुताई करने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। शनिवार सुबह उनके पुत्र छूना और बंटी तलाश करते हुए खेत पर पहुंचे, तो ट्यूबवेल के पास पिता का क्षत-विक्षत शव देखकर उनके होश उड़ गए।

परिजन आनन-फानन एंबुलेंस से उन्हें चिचौली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने पंचायतनामा भरते हुए शव को कब्जे में लिया।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार