औरैया : पुलिस अधिकारी बनकर 15 हजार रुपये मांगने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार
औरैया, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में साइबर थाना पुलिस ने पुलिस अधिकारी बनकर साइबर ठगी का प्रयास करने वाले दो आरोपितों को रविवार गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने विद्युत चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज न करने के एवज में 15 हजार रुपये की मांग की थी। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि 22 अगस्त को बिजली चोरी के मामले में नामजद ओमकांत के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया था। ट्रूकॉलर पर उसका नाम दरोगा कृष्णकांत प्रजापति प्रदर्शित हो रहा था। कॉलर ने एफआईआर न लिखने के एवज में 15 हजार रुपये मांगे और भुगतान के लिए व्हाट्सएप पर क्यूआर कोड भेजा था। शिकायत के बाद साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने रविवार को ककोर बंबा से कृष्णकांत यादव निवासी ज्योरामोरा, थाना पृथ्वीपुर, निवाड़ी (मध्य प्रदेश) और मोहित यादव निवासी गोवा पश्चिम, थाना पृथ्वीपुर, निवाड़ी (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनका एक साथी ऑनलाइन माध्यमों से मुकदमों से संबंधित लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था। इसके बाद दोनों पुलिस अधिकारी बनकर फोन करते और मुकदमा निपटाने के नाम पर रुपये मांगते थे। रकम क्यूआर कोड के जरिए विभिन्न खातों में मंगवाई जाती थी। पुलिस ने मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार और उपनिरीक्षक हेमंत चौधरी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

