बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, सोने के जेवर और नकदी समेत हजारों की चोरी
औरैया, 10 नवम्बर (हि. स.)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बाबरपुर स्थित पावर टेन कॉलोनी के सिद्धार्थ नगर में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए जेवर, गृहस्थी, नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने मंगलवार काे बताया कि हरिओम पत्नी सीता देवी, बेटियों वर्षा व अनुष्का और बेटे अंकुश के साथ पावर टेन कॉलोनी, सिद्धार्थ नगर में रहते हैं। दीपावली के अवसर पर हरिओम परिवार के साथ इटावा जनपद के ग्राम सिरकोरा, पोस्ट शामों, भरथना गए थे। इस दौरान मकान बंद था।
मंगलवार को जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। हरिओम ने बताया कि चोराें ने मकान से एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के बाले, दस हजार रुपये नकद और एक बड़ा गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए।
पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस की 112 सेवा को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

