home page

फुफू की टांगी से हत्या कर शव खेत में छिपाया, आरोपी गिरफ्तार

 | 
फुफू की टांगी से हत्या कर शव खेत में छिपाया, आरोपी गिरफ्तार


पश्चिमी सिंहभूम, 12 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है। अपनी ही फुफू की धारदार हथियार से हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए हत्या की पूरी कहानी भी बताई।

रविवार को जगन्नाथपुर के एसडीओ राफेल मुर्मू ने एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस संबंध में आवेदक राकेश सिंकु, पिता राम सिंकु, निवासी बलिया, थाना जगन्नाथपुर ने लिखित आवेदन देकर अपनी फुफू दुरिया गगराई (लगभग 50 वर्ष), पति स्व.उंकुरा लागुरी, निवासी चिरूपासया,थाना जेटेया की हत्या का मामला दर्ज कराया था। अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान घटनास्थल से बरामद हरे रंग का हॉफ टी-शर्ट और नीले रंग का फुल पैंट अहम सुराग साबित हुआ।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि उक्त कपड़े चिरूपासया गांव निवासी गागा गगराई (30 वर्ष), पिता ओड़ेया गगराई के हैं, जिसे कई बार उन्हीं कपड़ों में गांव में घूमते देखा गया था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने गागा गगराई की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि मृतका दुरिया गगराई, जो रिश्ते में उसकी फुफू लगती थी, पिछले करीब एक वर्ष से उसे और उसकी पत्नी को ताना मारती थी। वह कहती थी कि मंदिर में पूजा कराकर दोनों को बीमार करवा देगी, जिससे उनकी मौत हो जाएगी। लगातार मिल रहे इस मानसिक प्रताड़ना से वह काफी आक्रोशित था।

आरोपी ने बताया कि 9 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 बजे उसने दुरिया गगराई को सड़क पर घूमते देखा। तभी उसने उसे मारने की ठान ली। वह अपने घर से चुपके से एक धारदार टांगी लेकर निकला और बीमा गगराई के घर जाने वाले रास्ते में आम के पेड़ के पास छिप गया, क्योंकि मृतका इन दिनों वहीं रह रही थी।

कुछ देर बाद जैसे ही दुरिया गगराई वहां पहुंची, आरोपी ने अपने पहने हुए कपड़े उतार दिए ताकि पहचान न हो सके और चड्डी में ही उसका पीछा करते हुए पिपल के पेड़ के पास खेत में पहुंचा। वहां उसने जान से मारने की नीयत से टांगी से पहले उसके पेट पर जोरदार वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उसके कानपट्टी पर एक और वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को घसीटकर करीब 500 मीटर दूर उत्तर दिशा में गंगाधार लागुरी के खेत के पास एक हल्के गड्ढे में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया। वारदात में प्रयुक्त टांगी को उसने डुमरजोवा गांव जाने वाले रास्ते पर कुचिका नदी के पुल के पास पानी में फेंक दिया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुचिका नदी से हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली और विधिवत जब्ती सूची तैयार कर उसे जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी गागा गगराई को गिरफ्तार कर उसका अपराध स्वीकारोक्ति बयान दर्ज किया गया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक