मंदिर में दुस्साहसिक चोरी, दानपात्र लेकर फरार हुआ चोर
सिलीगुड़ी, 17 अप्रैल (हि. स.)। शहर से एक हैरान करने वाली चोरी की घटना सामने आई है। एसएफ रोड स्थित सिद्धेश्वरी कालीबाड़ी परिसर के शिव मंदिर में तड़के तड़के सुबह चोर ने दानपात्र चुरा लिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना आज सुबह करीब साढ़े चार बजे की है। एक अज्ञात चोर मंदिर में घुसा और वहां रखा दानपात्र लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में एक चौंकाने वाला दृश्य भी सामने आया है। चोरी करने के बाद आरोपित मंदिर में प्रणाम करता हुआ नजर आ रहा है, जिसने इस घटना को और भी चर्चित बना दिया है।
घटना की जानकारी पाकर मंदिर प्रबंधन की ओर से सिलीगुड़ी पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करने में जुटी है।
मंदिर कमेटी के सदस्य जयंत साहा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों की जल्द पहचान कर उन्हें सख्त सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई आरोपित को पहचानता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

