home page

रायपुर : नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त का प्रयास, तीन महिलाएं गिरफ्तार

 | 
रायपुर : नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त का प्रयास, तीन महिलाएं गिरफ्तार


रायपुर : नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त का प्रयास, तीन महिलाएं गिरफ्तार


रायपुर, 18 नवंबर (हि. स.) । नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त के प्रयास के मामले में रायपुर पुलिस ने तीन महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि महिलाओं ने ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी एक गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर रायपुर बुलाया। इसके बाद उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपती को बेचने के उद्देश्य से उसे बंधक बनाकर रखा।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई थी कि गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने उसे निःशुल्क प्रसव और उपचार का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया। यहां उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या नाम की महिलाओं से कराई गई। इसके बाद उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।

आरोप है कि तीनों महिलाओं ने पीड़िता की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपती को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया। पीड़िता के इनकार करने पर उसे डराया-धमकाया गया। 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद उसे नवजात शिशु के साथ फिर अहिल्या के घर ले जाया गया और बंधक बनाकर रखा गया। आरोपितों ने उसे धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी।

पीड़िता की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 143(4), 318(4) एवं 61 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों कृतिका साहू निवासी आमापारा रामकुंड रायपुर, अहिल्या नामदेव निवासी सीतानगर गोगांव, रायपुर और गीतिका नाग निवासी स्टोर पारा पुरैना, दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया।

अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त का भी संदेह

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों की अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता के संबंध में जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, पूर्व में हुई घटनाओं और संभावित संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है। मामले में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर