दो बार फायरिंग कर युवक की हत्या की कोशिश, तीन आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने एक ही युवक पर दो बार फायरिंग कर हत्या की कोशिश करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश और हालिया विवाद के चलते आरोपिताें ने युवक को सबक सिखाने के इरादे से उसके घर के बाहर दो बार फायरिंग की थी।
पुलिस के मुताबिक, आठ जुलाई को न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित रवि प्रकाश का बयान दर्ज किया। रवि ने बताया कि पवन, कृष्णा और उनके दो अन्य साथियों ने उस पर फायरिंग की। हालांकि इस घटना में वह बाल-बाल बच गया और किसी को गोली नहीं लगी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद 11 जुलाई को उसी इलाके में रवि प्रकाश पर दोबारा फायरिंग की गई। इस बार गोली उसके घुटने के नीचे पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने दूसरा मुकदमा दर्ज कर पहले से नामजद आरोपितों के साथ एक अन्य आरोपित के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यू उस्मानपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की गई। लगातार तकनीकी विश्लेषण और छापेमारी के बाद पुलिस ने पवन (24), शेखर उर्फ अपराधी (22) और कृष्णा उर्फ किस्सू (23) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में तीनों आरोपितों ने दोनों फायरिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले पीड़ित रवि प्रकाश से उनका विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते उन्होंने साजिश रचकर उसके घर के बाहर दो अलग-अलग दिनों में फायरिंग की, ताकि उसे डराया जा सके और सबक सिखाया जा सके। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि आरोपितों का किसी अन्य आपराधिक घटना से कोई संबंध तो नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

