home page

बकाया रकम मांगने पर टेंट कारोबारी के हाथ काटने की कोशिश

 | 

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। द्वारका जिले के डाबड़ी थाना क्षेत्र में बकाया भुगतान मांगने गए टेंट कारोबारी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी का बकाया पैसा मांगने पहुंचे कारोबारी के दोनों हाथ ग्राइंडर से काटने की कोशिश की गई। गंभीर हालत में घायल को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में एम्स रेफर किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो किशोरों को हिरासत में लिया गया है।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशलपाल सिंह ने शनिवार को बताया कि, 24 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे पीसीआर कॉल मिली कि विजय एन्क्लेव इलाके में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति के हाथ ग्राइंडर से काट दिए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल की पहचान 32 वर्षीय लोकेश गुप्ता के रूप में की, जो विजय एन्क्लेव का निवासी है और हलवाई तथा टेंट सर्विस का काम करता है। जांच में सामने आया कि आरोपित अजय पाल ने अपनी बेटी की शादी के लिए 20 अप्रैल को लोकेश से टेंट और कैटरिंग की सेवा ली थी। कुल 2.5 लाख रुपये में सौदा हुआ था, जिसमें से करीब 2 लाख रुपये अभी बाकी थे। आरोप है कि जब लोकेश बकाया रकम लेने अजय पाल के घर पहुंचा तो आरोपित ने अपने 2-3 साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने लोकेश को पकड़कर ग्राइंडर मशीन से उसके दोनों हाथ काटने का प्रयास किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल को पहले राशि मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर एम्स रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर पीड़ित का बयान दर्ज किया। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि घायल को धारदार हथियार से गंभीर चोटें पहुंचाई गई हैं। इसके बाद डाबड़ी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपित अजय पाल (53) को गिरफ्तार कर लिया गया। वारदात में शामिल दो किशोरों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। शुरुआती जांच में मामला बकाया भुगतान के विवाद से जुड़ा पाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी