home page

एटीएम तोडकर नकदी लूटने का प्रयास करने वाले चढे पुलिस के हत्थे

 | 
एटीएम तोडकर नकदी लूटने का प्रयास करने वाले चढे पुलिस के हत्थे


जयपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को तोड़कर करीब 15 लाख रुपये की नकदी लूटने की साजिश का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय पर गश्ती दल के पहुंचने से लाखों रुपये की लूट की बड़ी वारदात टल गई।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 2 अगस्त की रात 1.30 बजे विश्वकर्मा थाना क्षेत्र के रोड नंबर-11 स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में तीन नकाबपोश बदमाश चोरी की नीयत से पहुंचे। उस समय एटीएम में करीब 15 लाख रुपये की नकदी मौजूद थी। आरोपी एटीएम मशीन को तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास कर रहे थे। तभी क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस मोबाइल का सायरन सुनाई दिया। पुलिस की आहट मिलते ही तीनों आरोपी वारदात अधूरी छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद विश्वकर्मा थाने में मामला दर्ज कर थानाधिकारी रविंद्र सिंह नरूका के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, बदमाशों की आवाजाही का रूट तैयार किया तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार निगरानी रखी।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सूरज राजोरा (24) निवासी बयाना (भरतपुर) हाल निवासी बेनाड़ (जयपुर), अर्पित तिवारी (19) मूल निवासी कानपुर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी मुरलीपुरा (जयपुर) तथा लक्की सैन उर्फ लखन (19) मूल निवासी भरतपुर हाल निवासी खोराबीसल (जयपुर) को गिरफ्तार किया । पुलिस पूछताछ में तीनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त कर ली है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं तथा उनके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि गश्ती दल समय पर नहीं पहुंचता तो आरोपी एटीएम में रखी करीब 15 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो सकते थे।

थानाधिकारी रविंद्र सिंह नरूका ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने एक-एक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर आरोपियों की पूरी गतिविधि ट्रेस की। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। लगातार कई घंटों के अभियान के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने एटीएम लूट की बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश