अलवर में इंडियन बैंक का एटीएम उखाड़ने की कोशिश, पुलिस ने गठित की टीमें
अलवर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। अलवर में सोमवार देर रात बिजली घर चौराहे स्थित इंडियन बैंक के एटीएम को उखाड़कर चोरी करने की कोशिश की गई। पुलिस गश्ती दल के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एटीएम से छेड़छाड़ की सूचना मिलने पर गश्ती दल मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कार में सवार होकर आए थे और एटीएम उखाड़ने का प्रयास कर रहे थे। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
शहर कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश मीणा ने बताया कि पुलिस के पहुंचने तक आरोपी फरार हो चुके थे। मामले में बैंक शाखा प्रबंधक की ओर से कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में आरोपियों की संख्या और एटीएम को उखाड़ने के लिए अपनाए गए तरीके का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

