home page

एटीएम उखाड़ने की कोशिश नाकाम: पांच लाख रुपए सुरक्षित

 | 
एटीएम उखाड़ने की कोशिश नाकाम: पांच लाख रुपए सुरक्षित


जयपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के चौमूं थाना क्षेत्र में बुधवार—गुरूवार की मध्यरात्रि को एटीएम लूट की एक सुनियोजित वारदात को अंजाम देने की कोशिश नाकाम हो गई। बदमाशों ने एनएच-52 पर जैतपुरा इलाके में सर्विस रोड किनारे लगे पीएनबी बैंक के एटीएम को निशाना बनाया और मशीन को उखाड़ कर नकदी ले जाने का प्रयास किया, लेकिन करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर फरार हो गए। एटीएम में रखे करीब पांच लाख रुपये सुरक्षित बच गए।

थानाधिकारी हरबेंद्र सिंह ने बताया कि यह घटना रात करीब 2 बजे की है। जहां कार में सवार 4-5 बदमाश जयपुर-सीकर मार्ग स्थित पीएनबी बैंक एटीएम पर पहुंचे। उन्होंने पहले आसपास का जायजा लिया और फिर सरियों, लाठियों व लोहे के औजारों से मशीन को तोड़ने का प्रयास किया। मशीन मजबूत होने पर आरोपिताें ने उसमें मोटी रस्सी बांधकर कार की मदद से खींचकर उखाड़ने की कोशिश की, लेकिन एटीएम अपनी जगह से नहीं हिला। इसके बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने रस्सी, औजारों के निशान सहित अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त किए। एफएसएल टीम ने भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे और संभवत उन्होंने पहले एटीएम की रेकी की थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपिताें को मशीन में नकदी होने की जानकारी कैसे मिली।

थाना प्रभारी हरबेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं। जयपुर ग्रामीण और आसपास के जिलों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। तकनीकी टीम सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपिताें की पहचान में जुटी है। जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले एटीएम पर पुराने स्टिकर और फ्लेक्स हटाकर नए लगाए गए थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। बैंक अधिकारियों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद मशीन व नकदी का विस्तृत सत्यापन कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार एटीएम में रखी करीब 5 लाख रुपए की पूरी नकदी सुरक्षित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश