सुलतानपुर में डीजे हटाने की बात पर कांस्टेबल पर हमला, 15 नामजद समेत 30 अज्ञात पर केस दर्ज
सुलतानपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में जिलाधिकारी के आवास के सामने ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल अश्वनी मिश्रा पर डीजे हटाने की बात कहने पर मनबढ़ लाेगाें ने हमला कर दिया। मनबढ़ भीड़ ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन्हें पीटा। मारपीट की इस घटना में
सिर में कांस्टेबल काे 19 टांके लगे हैं। पुलिस ने उक्त घटना में 15 नामजद और 30 अज्ञात पर केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की
टीमें जुट गई हैं।
नगर में दुर्गापूजा महोत्सव की विसर्जन शोभायात्रा चल रही है। बीती रात कांस्टेबल अश्वनी मिश्रा सादे कपड़ों में ड्यूटी पर तैनात थे। डीएम आवास के सामने तीन डीजे मुख्य मार्ग घेरकर कंपटीशन कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित हाे गया। जाम लगते देख कांस्टेबल ने 'श्री दुर्गा माता पूजा समिति' के डीजे संचालक से रास्ता खाली करने को कहा। अध्यक्ष भैयाराम, उपाध्यक्ष सरजू प्रसाद, उपसंरक्षक पंकज कुमार निषाद और अन्य ने इस पर बहस शुरू कर दी। सिपाही ने परिचय दिया तो आरोपिताें में शामिल रोहित निषाद, नीरज मझवार, प्रदीप कुमार, घनश्याम निषाद, मंटू, सभाजीत, कालिका प्रसाद, बीबू कश्यप, कन्हैयालाल, सूरज निषाद, गोलू निषाद, अजय कुमार समेत 25-30 अन्य साथियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आराेपिताें ने सिपाही को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों और लोहे की रॉड व लाठी से सिर पर वार कर घायल कर दिया। घटना के बाद हमलावर भाग
निकले। घायल सिपाही काे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार जारी है।
इस संबंध में नगर क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ अराजक तत्वों एवं मनबढ़ लाेगाें द्वारा सिपाही के साथ मारपीट की गई है। इस मामले
में मुकदमा दर्ज करते हुए उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार यादव को जांच साैंपी गई है। प्रकरण में आराेपिताें के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

