home page

हत्या के प्रयास का आरोपित गिरफ्तार, नाबालिग भी पुलिस अभिरक्षा में

 | 
हत्या के प्रयास का आरोपित गिरफ्तार, नाबालिग भी पुलिस अभिरक्षा में


गोरखपुर, 24 मार्च (हि.स.)। थाना गुलरिहा पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग (बाल अपचारी) को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय भेजा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष गुलरिहा की टीम ने उपनिरीक्षक हितेश कुमार शुभम के नेतृत्व में अभियुक्त को दबोचा।

गिरफ्तार अभियुक्त दीपक पुत्र तिलकधारी निवासी ग्राम बसडीला टोला हरिहरपुर थाना पनियरा, जनपद महराजगंज है। उसके खिलाफ थाना गुलरिहा में मु0अ0सं0 232/26 धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

घटना के संबंध में वादी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 मार्च को अभियुक्तों ने जान से मारने की नीयत से उस पर और उसके परिजनों पर लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है, जिसे विधिक प्रक्रिया के तहत किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

अभियुक्त की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक हितेश कुमार शुभम, कांस्टेबल अजय कुमार एवं कांस्टेबल संजीव कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय