home page

राजगढ़ः भैंस चोरी की कहानी गढ़कर पिता की गर्दन पर किया वार, बेटे ने कबूला जुर्म

 | 
राजगढ़ः भैंस चोरी की कहानी गढ़कर पिता की गर्दन पर किया वार, बेटे ने कबूला जुर्म


राजगढ़, 12 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम पालड़ीगुसाई में शनिवार अलसुबह किसान पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में चैंकाने वाला खुलासा हुआ। शुरुआत में घटना को भैंस चोरी करने आए बदमाशों का हमला बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि किसान पर उसके ही बेटे दीपक ने हमला किया था। घायल किसान को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार पालड़ीगुसाई निवासी किसान कमल पुत्र गणपत पुरी की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया था। सूचना मिलने पर मलावर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। परिजनों से पूछताछ और घटनाक्रम की जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ। घायल कमल ने होश में आने के बाद पुलिस को बताया कि उसके बेटे दीपक ने ही उस पर हमला किया है। उसने बताया कि दीपक शादीशुदा है, लेकिन कोई काम नहीं करता और अक्सर पैसों की मांग करता रहता है। कुछ दिन पहले दीपक ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी, जिस पर बहू ने नरसिंहगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया था। इसी केस में जमानत के लिए दीपक पिता से पैसे मांग रहा था। पैसे देने से मना किया तो हमला, फिर बनाई झूठी कहानी पिता ने पैसे देने से इनकार किया तो दीपक ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इसके बाद घटना को भैंस चोरी करने आए बदमाशों के हमले का रूप देने के लिए झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस ने दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

थाना प्रभारी रजनेश सिरोठिया के अनुसार पूछताछ में दीपक ने पिता से पैसों को लेकर विवाद होने और हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं और मामले में अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक