home page

राजगढ़ः पैसों के लिए पिता पर जानलेवा हमला, इंदौर में इलाज के दौरान मौत

 | 
राजगढ़ः पैसों के लिए पिता पर जानलेवा हमला, इंदौर में इलाज के दौरान मौत


राजगढ़, 29 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के लीमाचैहान थाना क्षेत्र के ग्राम दयाखेड़ी में शराब के नशे में एक बेटे ने पैसों के विवाद में पिता के साथ मारपीट कर दी। गंभीर रूप से घायल पिता की मंगलवार को इंदौर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित बेटा मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम दयाखेड़ी निवासी राजा उर्फ सोनू मालवीय सोमवार रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। उसने अपने पिता रामलाल मालवीय से पैसों की मांग की। पिता ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान राजा ने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में रामलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल रामलाल को उपचार के लिए सारंगपुर अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें शाजापुर रेफर कर दिया। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें इंदौर ले गए, जहां उपचार के दौरान मंगलवार को रामलाल ने दम तोड़ दिया।घटना के बाद से आरोपित राजा फरार है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपित बेटे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक