home page

एसटीएफ टीम पर हमला मामले में 29 नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज,छह गिरफ्तार

 | 
एसटीएफ टीम पर हमला मामले में 29 नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज,छह गिरफ्तार


•गिरफ्तार आरोपितों के निशानदेही पर एक देशी कट्टा,पांच खोखा बरामद

•एसपी ने किया एसआईटी का गठन

•दर्ज कांड में आरोपितों की ओर से पहले फायरिंग का आरोप

•आत्मरक्षार्थ एसटीएफ ने चलाई थी चार गोली

•पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी

•भीड़ का एसटीएफ टीम के हथियार छीनने की कोशिश,एसआई का छीना मोबाइल

अररिया 12 अक्टूबर(हि.स.)।

नरपतगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एसटीएफ टीम पर हमला करने के मामले में कांड दर्ज किया गया है।कांड एसटीएफ के सब इंस्पेक्टर अमितेश कुमार भारद्वाज के फर्द बयान पर संख्या 646/2026 विभिन्न संगीन धाराओं के साथ 27 आर्म्स एक्ट मामले में दर्ज किया गया है।दर्ज कांड में 29 को नामजद आरोपी बनाया गया है,जबकि 20 से 25 संख्या में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एसआईटी का गठन किया है।वहीं पुलिस ने मामले में अब तक कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।वही गिरफ्तार लोगों की निशानदेही पर एक देशी कट्टा,पांच खाली खोखा बरामद किया गया।बरामद हथियार मामले में भी अलग से कांड दर्ज किया गया है।

दर्ज कांड में आरोपितों के द्वारा एसटीएफ पुलिस टीम पर हमला करने के साथ फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है।आरोपितों के द्वारा फायरिंग और जानलेवा हमला के बाद एसटीएफ के द्वारा चार राउंड फायरिंग करने का जिक्र केस में है। आरोपितों में खैरा चंदा की मुखिया नूरजहां के पति,देवर समेत उनके तीन पुत्रों को आरोपी बनाया गया है।नामजद आरोपितों में मुखिया पति मो.उमर फारुख, अजेमुतुल्लाह,अमितुल्लाह,मो.अजनबी,अरबाज,सुहैल,आमिर खान,मुखिया का भांजा अफनान, अफजान,मो.साहिल,फैज़ान,अरमान,वसीम आलम,मो.तनवीर,शकील,मो.राजी,मो.सलमान,सज्जाद,मो.सुल्तान उर्फ सैफ,तमन्ना,मो.वसीम आलम,मिस्टर,मो.सहमत,मो. सीज़ाम, निजाम,गफ्फार, तौसीफ और देवीगंज के सुमन कुमार साह और रमन कुमार साह को आरोपी बनाया गया है।

एसटीएफ के सब इंस्पेक्टर अमितेश कुमार भारद्वाज के द्वारा दर्ज किए गए कांड में 191(2),191(3),190,126(2),115(2),113(1),109,132,262,263,324(5) बीएनएस और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है।

दर्ज कांड में बताया गया कि एसटीएफ को पश्चिम बंगाल के मालदा से एक किलो स्मैक के खेप की आने की सूचना पर एसटीएफ की टीम आरएस थाना क्षेत्र के हड़ीयाबाड़ा एनएच 27 टॉल प्लाजा के पास सफेद रंग के टोयोटा ग्लैंजा संख्या बीआर 38 एएल 6374 को पकड़ा गया।जिसमें अनिल साह और दयानंद साह को स्मैक के साथ पकड़ा गया था।

पूछताछ के क्रम में दयानंद साह ने मालदा से आने की बात करते हुए रंजीत साह के भी साथ आने की बात की जानकारी दी और बताया कि पूर्णिया मोड़ दालकोला के पास वह उतर गया।अन्य वाहन से ग्रामीण सड़क से पुलिस से बचाव करते हुए उनके स्मैक के बड़े खेप के आने की जानकारी दी गई।जिसके बाद एसटीएफ की टीम ने वरीय अधिकारियों और स्थानीय थाना पुलिस को सूचना देते हुए एनएच 27 पलार के पास खड़ी थी कि इतने में बुलेट संख्या बीआर 38 एम 3441 से खैरा चंदा के मुखिया पति मो.फारूक आलम मौके पर पहुंचकर अनिल साह और दयानंद साह की गिरफ्तारी की बात पूछने के साथ गाली गलौज पर उतारू हो गए।

मुखिया पति के द्वारा मोबाइल से भीड़ को बुलाया गया। भीड़ लाठी डंडा और लोहे के रॉड के साथ ईंट पत्थर से एसटीएफ पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जिसमें एसटीएफ की गाड़ी के साथ तस्कर की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गया। दर्ज कांड में सब इंस्पेक्टर ने गिरफ्तार आरोपियों और भीड़ द्वारा हथियार छीनने के प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। वहीं सब इंस्पेक्टर का मोबाइल छीन लिया गया। भीड़ अनिल साह को अपने साथ लेकर चली गई और लोहे के रॉड से एसटीएफ सब इंस्पेक्टर के साथ अन्य दो जवानों के सिर पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।

घटना के बाद मौके पर पहुंची तत्काल स्थानीय थाना पुलिस ने देवीगंज वार्ड संख्या 13 के दयानंद साह पिता आनंदी साह के साथ दो हमलावर गढ़िया वार्ड संख्या 13 के राजकुमार साह और पलार वार्ड संख्या 14 के जुल्फिकार पिता मो.शफीक को अपने साथ गिरफ्तार कर थाने ले गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले में खैरा गढ़िया के मो.तनवीर पिता मो. कियाम शाह उर्फ कलीमुद्दीन,वसीम आलम पिता मो. सत्तार और मो.सलमान पिता मो.अफरोज को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार की निशानदेही पर एक देशी कट्टा और पांच खाली कारतूस अलग अलग साइज के बरामद किए गए।सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है,इसकी पुष्टि एसपी जितेन्द्र कुमार ने सोमवार संध्या नरपतगंज थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में की।

एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और मामले की जांच के लिए फारबिसगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है।अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।जल्द ही सारे आरोपितों के साथ अज्ञात लोगों का शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर