home page

पांवटा साहिब में घर में घुसकर तलवारों से हमला, सीसीटीवी में कैद हुई गुंडागर्दी की पूरी वारदात

 | 

नाहन, 25 मार्च (हि.स.)।

पांवटा साहिब उपमंडल के देवी नगर (वार्ड नंबर 10) में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब करीब 10 से 15 हथियारबंद हमलावरों ने एक घर में घुसकर पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी वारदात का सबसे सनसनीखेज पहलू यह है कि हमलावरों की यह गुंडागर्दी और घर में घुसकर की गई तोड़फोड़ पास के सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार हमलावर डंडे, तलवारें और लोहे की रॉड से लैस होकर आए थे। इस हमले में न केवल पुरुषों बल्कि घर की महिलाओं को भी निशाना बनाया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित जावेद अली के घर पर हुए इस हमले में हमलावरों ने जमकर तोड़फोड़ की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उपद्रवियों ने घर की खिड़कियों और वहां खड़े वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि इस हमले के पीछे एक सोची-समझी साजिश थी, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बाहरी राज्यों के गैंगस्टरों को भी बुलाया गया था।

इस हिंसक झड़प में अब तक तीन मुख्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक, आशिक उर्फ काका और साहिदा के नाम इस हमले की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस सख्त कार्रवाई नहीं करती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया है। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेन्द्र ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ितों का मेडिकल करवा दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। डीएसपी ने बताया कि तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर