home page

वांटेड की तलाश में लगी पुलिस की स्पेशल टीम पर हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल

 | 
वांटेड की तलाश में लगी पुलिस की स्पेशल टीम पर हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल


जोधपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। शहर के जिला पूर्व में करवड़ क्षेत्र में बदमाशों को पकडऩे गई डीएसटी टीम की गाड़ी को आरोपिताें ने टक्कर मार दी। हादसे में एक कांस्टेबल का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि तीन पुलिसकर्मियों को चोट आई है। मामले में डीएसटी टीम प्रभारी एएसआई श्रवण कुमार ने आरोपिताें के खिलाफ शुक्रवार रात शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को डिटेन कर लिया, जबकि 3 अन्य आरोपिताें की तलाश की जा रही है। घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार ओसियां थाने से सूचना मिली थी कि कुछ आरोपित ओसियां-भवाद फाटक पर बोलेरो लेकर खड़े हैं। इसकी जानकारी मिलते ही टीम ओसियां-भवाद फाटक पर पहुंची। यहां टीम को देख बदमाशों ने गाड़ी भगाना शुरू कर दिया। जब डीएसटी टीम ने बदमाशों का पीछा किया तो आरोपियों ने बचने के लिए डीएसटी की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के टायर बस्ट हो गए। इसके बावजूद पुलिस ने पीछा जारी रखा। इसके बाद बदमाश गाड़ी छोडक़र खेतों में भाग गए थे।

इस हादसे में कांस्टेबल वीरेंद्र के हाथ में फ्रैक्चर हुआ। वहीं एएसआई श्रवण कुमार, हरेंद्र और मदनलाल को भी चोटें आई हैं। मामले को लेकर एएसआई श्रवण कुमार ने जयपाल सिंह समेत 6 बदमाशों के खिलाफ करवड़ थाने में जान से मारने की नीयत से हमला करने और राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज करवाया है। तीन आरोपियों में जयपाल सिंह, महिपाल दान और महेश को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपिताें में से एक वांटेड था। एएसआई श्रवण कुमार ने बताया कि 10 दिन पहले इन बदमाशों ने ओसियां थाने में एक दुकान का शटर तोड़ वहां से कॉपर की केबल चोरी की थी और इसे जोधपुर में किसी को बेच दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश