home page

धर्मकांटे पर आधी रात बदमाशों का धावा, लूट के विरोध में दो कर्मचारियों पर हमला

 | 
धर्मकांटे पर आधी रात बदमाशों का धावा, लूट के विरोध में दो कर्मचारियों पर हमला


बहराइच, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र स्थित अजीजपुर गांव के पास स्थित बालाजी धर्मकांटे पर शुक्रवार देर रात बदमाशों ने लूट के प्रयास में धावा बोल दिया। गाड़ी तौलने के बहाने पहुंचे बदमाशों ने पहले धर्मकांटे की बिजली काटी और फिर अंदर घुसकर गल्ले की चाबी मांगने लगे। कर्मचारियों के विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। घटना में दो कर्मचारी घायल हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

गोंडा जिले के रहने वाले धर्मकांटा कर्मचारी प्रिंस मिश्रा परिसर में बने कमरे में रहते हैं। प्रिंस के मुताबिक, रात करीब 1:30 बजे कुछ लोग धर्मकांटे पर पहुंचे और गाड़ी तौलने की बात कही। ग्राहक समझकर उन्होंने दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलते ही आरोपितों ने बिजली की लाइट काट दी और अंदर घुसकर गल्ले की चाबी मांगने लगे।

प्रिंस ने चाबी देने से इनकार किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रिंस ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उस पर फायरिंग की, जिससे उसके हाथ में गोली लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर पास के कमरे में सो रहा साथी रमन पाठक भी बाहर निकल आया। आरोप है कि बदमाशों ने रमन पर भी डंडे से हमला कर दिया।

दोनों कर्मचारियों ने शोर मचाना शुरू किया तो आसपास के लोगों के जागने की आशंका में आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फखरपुर थाना पुलिस के साथ स्वाट टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

हालांकि पुलिस ने कर्मचारी द्वारा लगाए गए फायरिंग और गोली लगने के दावे पर सवाल उठाए हैं। क्षेत्राधिकारी कैसरगंज धीरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि धर्मकांटा कर्मचारी पर अज्ञात लोगों द्वारा हमले की सूचना मिली थी। उन्होंने फायरिंग की घटना और गोली लगने के दावे का खंडन किया है।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को पीड़ित का कुछ स्थानीय लोगों से विवाद भी हुआ था। इसी बिंदु को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की वास्तविक वजह और आरोपितों का पता चल सकेगा।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA