फसल खराब होने से नाराज लोगों ने मवेशी पर किया हमला, चार आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र की विजयनगर चौकी अंतर्गत एक मवेशी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। खेत में फसल चरने से नाराज होकर कुछ लोगों ने मवेशी को घेरकर लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया। हमले में उसकी कमर में गंभीर चोट आई और उसकी हड्डी टूट गई। मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को आज बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, विजयनगर क्षेत्र में मवेशी के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक मवेशी खेत में घुसकर फसल चर रही थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए टांगी और डंडे बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने मवेशी पर हमला करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपितों को 19 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों को रामानुजगंज स्थित सीजेएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
चार आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में नेसार अंसारी (55), ताजमलिक अंसारी (33), चरकु अंसारी उर्फ दिलशान अंसारी (24) और नन्हका अंसारी उर्फ राजमलिक (26) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित विजयनगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(क) के तहत कार्रवाई की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

