home page

अधिवक्ता पर चाकू से हमले की कोशिश, एक आरोपी पकड़ा, दो फरार

 | 
अधिवक्ता पर चाकू से हमले की कोशिश, एक आरोपी पकड़ा, दो फरार


बहराइच, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बहराइच देहात कोतवाली क्षेत्र के बसंत बिहार मोहल्ले में शनिवार देर शाम अधिवक्ता बाबू राम तिवारी पर जानलेवा हमले की कोशिश की गई। आरोप है कि तीन हमलावरों ने घर की घंटी बजाकर उन्हें बाहर बुलाया और चाकू से हमला करने का प्रयास किया। अधिवक्ता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए।

बाबू राम तिवारी अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष हैं। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। घटना की जानकारी मिलने पर अधिवक्ता संघ के जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला समेत कई अधिवक्ता देहात कोतवाली पहुंचे। उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। देर रात पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

देहात कोतवाल ददन सिंह ने बताया कि अधिवक्ता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA