जनरल स्टोर के बाहर सब्जी व्यापारी पर धारदार हथियार से हमला, केस दर्ज
नाहन, 02 अगस्त (हि.स.)। पुलिस थाना सदर नाहन में एक सब्जी व्यापारी पर धारदार हथियार से हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता जीत सिंह, पुत्र डमर बहादुर, निवासी गांव कुडलु, डाकघर बागथन, तहसील पच्छाद ने पुलिस को बताया कि वह बीते एक अगस्त को वह अपनी 407 गाड़ी में टमाटर व अन्य सब्जियां लेकर मंडीगाट से दिल्ली जा रहा था। उसके साथ अंकित और भूपेन्द्र सिंह भी थे।
रास्ते में तीनों निहोग स्थित एक जनरल स्टोर पर चाय पीने के लिए रुके। आरोप है कि इसी दौरान शशिकांत, पुत्र घणानन्द, निवासी ग्राम धीरथ, डाकघर बनेठी, तहसील नाहन ने जीत सिंह को दुकान के बाहर बुलाया और नुकीले चाकू से उसके बाएं हाथ, पीठ तथा सिर पर वार कर दिए। इसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शशिकांत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगामी अन्वेषण जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

