केंद्रीय कारागार में विचाराधीन बंदी पर ब्लेड से हमला : सिर पर लगे पांच टांके
जोधपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। सबसे सुरक्षित समझी जाने वाली जोधपुर जेल में एक बार फिर बंदी पर हमला हुआ है। कुछ दिनों पहले भी एक बंदी पर हमला हुआ था। इस बार विचाराधीन बंदी पर कुछ बंदियों ने हमला किया। धारदार ब्लेड से वार किया गया जिससे विचाराधीन बंदी के सिर पर पांच टांके लगे है। वह लहूलुहान हो गया। उसने रातानाडा थाने में नामजद बंदियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि विचाराधीन बंदी विश्वास तेजी पुत्र किशनलाल ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि वह 8 जुलाई की शाम पांच से छह बजे के बीच में जेल की डिस्पेंसरी में दवाई लेने जा रहा था। तब बीच रास्ते में लक्की उर्फ गोलची, अविनाश आदि ने उसको रोका और अचानक से धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। यह लोग वार्ड नंबर 7 में बंद है। रिपोर्ट में विश्वास तेजी ने आरोप लगाया कि जेल में बंद राहुल हंस उर्फ मोंटी उससे रंजिश रखता है। उसके कहने पर यह हमला किया गया है। विचाराधीन बंदी के सिर पर पांच टांके आए है। इस बारे में जांच एएसआई भवानी सिंह की तरफ से की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

