जबलपुरः अफगानी घुसपैठियों को कोर्ट में 10 मार्च तक रिमांड पर भेजा जेल
जबलपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में फर्जी पासपोर्ट मामले में एटीएस द्वारा पकड़े गए पांच अफगानियों को बुधवार को जिला न्यायालय में पेश किया गया। जहां से सभी को 10 मार्च तक जेल रिमांड पर भेज दिया गया है।
इसके पहले एटीएस के अधिकारियों द्वारा अफगानी घुसपैठियों को पूछताछ के लिए दो दिन की कोर्ट से रिमांड ली थी। इसके बाद आज बुधवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। एटीएस की टीम ने इन्हे कोलकाता से तीन दिन पहले गिरफ्तार किया था।
कोर्ट के सामने एटीएस ने दलील दी थी कि देश के लिए यह बहुत ही चिंता का विषय है कि विदेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में आकर रहना और पासपोर्ट बनवाना खतरे का संकेत हो सकता है। कोर्ट को यह भी बताया गया कि पूछताछ के दौरान यह जानने की कोशिश की गई है कि फर्जी दस्तावेज कहां-कहां से और किसकी मदद से बनवाए गए हैं। एटीएस अधिकारियों द्वारा की जा रही जांच में यह तथ्य भी सामने आए है कि अफगानी संदेह से बचने के लिए छोटे शहर का उपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट के लिए आवेदन करते थे। एटीएस की जांच के दायरे में पासपोर्ट विभाग के वो अधिकारी भी आ रहे हैं जिन्होंने फर्जी पासपोर्ट बनाने में इनकी मदद की है।
एटीएस की टीम ने फर्जी पासपोर्ट मामले में जिया उल रहमान, सुल्तान मोहम्मद, रजा खान, सैयद मोहम्मद व जफर खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। एटीएस की जांच में सामने आया कि ये सभी 2018-19 में काबुल (अफगानिस्तान) से दिल्ली होते हुए कोलकाता पहुंचे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

