जबलपुर में तीन संदिग्ध अफगानी नागरिक गिरफ्तार, फर्जी पासपोर्ट-वीजा से रहने का आरोप
जबलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। तीनों पर फर्जी पासपोर्ट और वीजा के जरिए अपनी पहचान छिपाकर शहर में अवैध रूप से रहने का आरोप है। सुरक्षा कारणों से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिलहाल गोपनीय रखी गई है। कार्रवाई के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक एटीएस की टीम दोपहर कड़ी सुरक्षा के बीच तीनों संदिग्धों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। अचानक सुरक्षा एजेंसी की मौजूदगी और संदिग्धों को देखकर अस्पताल परिसर में हलचल मच गई। मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपियों को एटीएस की रिमांड पर सौंप दिया है।
अब जांच एजेंसी उनसे गोपनीय स्थान पर पूछताछ कर रही है।
जांच एजेंसी से जुड़े सूत्रों के अनुसार, तीनों संदिग्ध लंबे समय से फर्जी दस्तावेजों के सहारे जबलपुर में रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में उनके पासपोर्ट और वीजा की प्रमाणिकता को लेकर गंभीर संदेह सामने आए हैं।
एटीएस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज कहां से तैयार कराए और शहर में उन्हें किसने शरण दी।
गौरतलब है कि जबलपुर में फर्जी पासपोर्ट से जुड़े मामलों का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शहर में फर्जी पासपोर्ट नेटवर्क का खुलासा हुआ था, जिसमें छह अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। ये आरोपी छोटी ओमती से लगे इलाके में रह रहे थे।
ताजा कार्रवाई के बाद एक बार फिर शहर में सक्रिय ऐसे नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
फिलहाल एटीएस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तीनों भारत में किस रास्ते से दाखिल हुए, उनके दस्तावेज किसने तैयार किए और स्थानीय स्तर पर उन्हें किसने मदद पहुंचाई।
मामले के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच के लिए अफगानिस्तान दूतावास से भी संपर्क किए जाने की जानकारी सामने आई है।
आरोपियों की रिमांड के दौरान पूछताछ में फर्जी दस्तावेजों के नेटवर्क और उन्हें संरक्षण देने वालों से जुड़े अहम खुलासे होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

