हैदराबाद में गैस कटर से एटीएम काटकर 32 लाख रुपये की चोरी
हैदराबाद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। हैदराबाद के उपनगर शमशाबाद के सतमाराई इलाके में चोरों ने मंगलवार तड़के एक्सिस बैंक के एटीएम को निशाना बनाकर करीब 32 लाख रुपये नकद चुरा लिए। चोर गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटकर कैश कम्पार्टमेंट तक पहुंचे और नकदी लेकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर सोमवार मध्यरात्रि के बाद एटीएम केंद्र में दाखिल हुए। उन्होंने गैस कटर से मशीन को काटकर कैश कम्पार्टमेंट खोला और उसमें रखी नकदी निकाल ली। घटना का पता तब चला, जब ग्राहकों ने एटीएम को क्षतिग्रस्त हालत में देखा और बैंक अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
जानकारी मिलते ही शमशाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्लूज टीम ने भी मौके से फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को उम्मीद है कि इन साक्ष्यों से घटना की कड़ी जोड़ने और संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
पुलिस एटीएम और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए चोरों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारी चोरी हुई नकदी की सटीक राशि का भी सत्यापन कर रहे हैं। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि वारदात से पहले अपराधियों ने एटीएम की रेकी की थी या नहीं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वारदात में शामिल आरोपितों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

