home page

पुलिस गश्त से नाकाम हुई एटीएम लूट: 32 लाख रुपये सुरक्षित

 | 
पुलिस गश्त से नाकाम हुई एटीएम लूट: 32 लाख रुपये सुरक्षित


जयपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के नकाबपोश बदमाशों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को निशाना बनाकर उसमें रखी नकदी लूटने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की नियमित गश्त ने उनकी योजना विफल कर दी। बदमाश एटीएम की तिजोरी का लॉक तोड़ चुके थे, लेकिन गश्ती दल के पहुंचने की भनक लगते ही करीब 32 लाख रुपये एटीएम में ही छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के अनुसार घटना रविवार तड़के करीब 1:45 बजे की है। चार नकाबपोश बदमाश विश्वकर्मा क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ में घुसे और अपने साथ लाई लोहे की रॉड से एटीएम मशीन तथा उसकी तिजोरी का लॉक तोड़ दिया। बदमाश नकदी निकालने की तैयारी में थे, तभी विश्वकर्मा थाना पुलिस की गश्ती टीम नियमित चेकिंग के दौरान मौके के पास पहुंच गई।

पुलिस वाहन की आहट मिलते ही बदमाश घबरा गए और एटीएम को उसी हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। गश्ती दल ने एटीएम बूथ की जांच की तो मशीन टूटी हुई मिली। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों और बैंक प्रबंधन को सूचना दी गई। बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में एटीएम की जांच की गई, जिसमें मशीन में रखे पूरे 32 लाख रुपये सुरक्षित पाए गए। पुलिस की तत्परता से बड़ी नकदी चोरी होने से बच गई। घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चार नकाबपोश बदमाश वारदात का प्रयास करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और बदमाशों के भागने के संभावित मार्ग के आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश