एटीएम काटकर 1.95 लाख रुपये की कैश मशीन ही ले गए बदमाश
जयपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। राजधानी जयपुर में बदमाशों ने एटीएम लूटने का नया तरीका अपनाते हुए बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम काटकर उसमें लगी रुपयों की मशीन ही उखाड़ ली और अपने साथ ले गए। मशीन में करीब 1.95 लाख रुपए भरे हुए थे। यह वारदात शनिवार तड़के करीब 3.26 बजे वैशाली नगर थाना क्षेत्र में खिरनी फाटक स्थित लाल मंदिर के पास हुई। घटना की जानकारी मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें तीन संदिग्ध बदमाशों के चेहरे नजर आए हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम और तकनीकी टीम को भी बुलाया। टीमों ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और वारदात में इस्तेमाल वाहन के बारे में जानकारी मिल सके।
थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान होने के बाद उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले विश्वकर्मा क्षेत्र में बदमाश एटीएम की 32 लाख रुपए से भरी तिजोरी तोड़ने की कोशिश कर चुके हैं, हालांकि पुलिस की गश्ती टीम के मौके पर पहुंचने से वारदात नाकाम हो गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

