home page

एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय शातिर गिरफ्तार

 | 
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय शातिर गिरफ्तार


बांदा, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय अभियुक्त को सोमवार को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से ठगी के 19,500 रुपये भी बरामद किए गए हैं।

20 फरवरी 2026 को कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी सुनील कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 फरवरी को दो अज्ञात व्यक्तियों ने एटीएम में मदद के बहाने उनका कार्ड बदलकर ठगी की घटना को अंजाम दिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले भौतिक प्रमाणों का गहन विश्लेषण किया गया। मुखबिर की सूचना के आधार पर अभियुक्त की पहचान सुनिश्चित की गई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को पल्हरी नहर रोड, बड़ा बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

अभियुक्त उमेश पुत्र हरिकेश निवासी काछा बोधराम का पुरवा, थाना जठवारा, जनपद प्रतापगढ़ ने बताया कि वह अपने साथी रवि उर्फ भीमा के साथ मिलकर एटीएम के बाहर पहले से खड़ा रहता था और पैसे निकालने में असमर्थ लोगों को निशाना बनाता था मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल देता था। बातचीत और भ्रम पैदा कर पिन नंबर हासिल कर लेता था। बाद में अलग-अलग एटीएम से पैसे निकाल लेता था।

कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि घटना में शामिल दूसरे अभियुक्त रवि उर्फ भीमा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि एटीएम पर किसी अजनबी की मदद न लें और अपने कार्ड व पिन की गोपनीयता बनाए रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह