home page

एटीएम में कृत्रिम शटर लगाकर करते थे नकदी चोरी, दो शातिर गिरफ्तार

 | 
एटीएम में कृत्रिम शटर लगाकर करते थे नकदी चोरी, दो शातिर गिरफ्तार


मशीन से रुपये निकलते थे, लेकिन ग्राहकों के हाथ नहीं पहुंचते थे

बांदा, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में एटीएम मशीन में तकनीकी छेड़छाड़ कर नकदी चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभियुक्त एटीएम के कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट (जहां से रुपये बाहर निकलते हैं) में कृत्रिम शटर लगाकर ग्राहकों की नकदी हड़प लेते थे। मशीन से रुपये निकलने की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नकदी ग्राहकों तक नहीं पहुंचती थी, बल्कि कृत्रिम शटर में फंस जाती थी। ग्राहक के एटीएम से बाहर निकलते ही दोनों अभियुक्त मशीन से छेड़छाड़ कर फंसे हुए रुपये निकाल लेते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एटीएम से चोरी किए गए 5960 रुपये, वारदात में प्रयुक्त औजार, एक मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और पांच एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह के मुताबिक, परशुराम तालाब निवासी वीरेंद्र कुमार ने 11 नवंबर को कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि 10 और 11 नवंबर की रात बंगालीपुरा स्थित एटीएम से 15 हजार रुपये निकालने गए थे। उन्होंने रुपये निकालने की पूरी प्रक्रिया पूरी की, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी नकदी बाहर नहीं आई। इसी दौरान उन्हें एटीएम में गड़बड़ी और छेड़छाड़ का संदेह हुआ। एक अन्य ग्राहक ने भी बताया कि उसके पांच हजार रुपये निकालने की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नकदी नहीं निकली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं।

सीसीटीवी फुटेज सहित इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस ने शुक्रवार 13 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर महोखर बाईपास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान करन पुत्र अशोक निवासी बवारा सवारा और अजय पुत्र रामदास निवासी कंचन पुरवा, थाना गाजीपुर, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है।

इस तरह देते थे वारदात को अंजाम

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एटीएम मशीन के कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट के सामने लगे कवर या पल्ले को प्लास से क्षतिग्रस्त कर देते थे। इसके बाद टेप और फेवीक्विक की मदद से वहां एक कृत्रिम शटर लगा देते थे और कवर को दोबारा चिपका देते थे, जिससे बाहर से देखने पर एटीएम सामान्य दिखाई देता था। जब कोई ग्राहक मशीन में कार्ड डालकर रुपये निकालने की प्रक्रिया पूरी करता तो एटीएम से नकदी जारी तो होती थी, लेकिन कृत्रिम शटर के कारण नोट बाहर आने के बजाय उसके भीतर ही फंस जाते थे। ग्राहक यह समझकर वहां से चला जाता था कि मशीन में तकनीकी खराबी है। इसके बाद अभियुक्त वापस एटीएम पहुंचते और कवर खोलकर शटर में फंसी नकदी निकाल लेते थे। इस तरह वे बिना किसी संदेह के ग्राहकों की रकम पर हाथ साफ कर रहे थे।

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से चोरी के 5960 रुपये के अलावा एक मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, पांच एटीएम कार्ड, एक प्लास, तीन प्लेट, टेप के तीन बंडल, सिल्वर स्प्रे पेंट, तीन रबर, फेवीक्विक, एक बिजली का टेप और एक बैग सहित वारदात में इस्तेमाल होने वाले अन्य औजार बरामद किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अभियुक्तों ने बांदा के अलावा अन्य किन स्थानों पर इसी तरीके से एटीएम मशीनों में छेड़छाड़ कर नकदी चोरी की है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह