थाने से पुलिस ने युवक को भगाया, की आत्महत्या
बांदा, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में प्रार्थना पत्र देने थाने गए युवक को पुलिस ने भगा दिया। इससे परेशान युवक ने नशे में कमरे के अंदर लोहे के छल्ले पर साड़ी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। मृतक के पास से सोसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अतर्राकस्बा के राजनगर निवासी ममेरे भाई प्राशू ने बताया कि उसके 23 वर्षीय फुफेरे भाई सत्यम गुप्ता पुत्र मिथलेश ने कमरे के अंदर छत के छल्ले पर साड़ी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया। रविवार को सबेरे परिजनों ने देखा तो उसका शव फंदे पर लटक रहा था। परिजनों ने आनन-फानन शव को फंदे से नीचे उतार लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के ममेरे भाई प्राशू ने बताया कि तलाश के दौरान उसके पास सोसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सोसाइड नोट में लिखा था। उसकी मां ने पड़ोसी युवक के चक्कर में 02 अगस्त को फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया था। वह पड़ोसी युवक के खिलाफ थाने प्रार्थना पत्र देने गया था। पुलिस ने उसकी नहीं सुनी उल्टा उसे डांट कर भगा दिया। थाने से लौटने के बाद उसने यह घटना अंजाम दी। उसने अपनी मौत और मां की मौत का जिम्मेदार पड़ोसी युवक को बताया है। प्राशू ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई छोटू व पिता बस स्टैंड़ में नमकीन मूंगफली बेचते हैं। इसी से परिवार का घर खर्च चलता है। सभी लोग नशे के आदी है। नशे में उसने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। उधर थाना प्रभारी राकेश तिवारी का कहना है कि मृतक युवक प्रार्थना पत्र देने नहीं आया था। न ही उसे थाने से भगाया गया है। सोसाइड नोट उसके पास नहीं मिला है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

