home page

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का एक आरोपित मुठभेड़ में घायल

 | 

नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में किशोरी से तीन युवकों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीनों युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके दोस्त को पार्क के गेट नंबर सात के पास रोका और दोनों को अलग कर दिया। इसके बाद किशोरी को पार्क के सुनसान हिस्से में ले जाया गया, जहां एक आरोपित आसिफ ने पिस्टल और चाकू दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके दो साथियों ने भी किशोरी के साथ यौन अपराध किया। पुलिस ने मामले में आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:45 बजे पीसीआर को कालकाजी मंदिर के पास दुष्कर्म की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अमर कॉलोनी थाने के एसएचओ पुलिस टीम के साथ आस्था कुंज पार्क पहुंचे। वहां किशोरी अपने दोस्त के साथ मिली। किशोरी के बयान के अनुसार, दोनों शाम करीब सात बजे कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसके बाद वे आस्था कुंज पार्क में गेट नंबर सात से दाखिल हुए।

किशोरी ने पुलिस को बताया कि पार्क में तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और उसे उसके दोस्त से अलग कर दिया। आरोप है कि इसके बाद वे उसे पार्क के सुनसान हिस्से में ले गए। वहां आसिफ ने हथियार और चाकू दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि उसके दो साथियों ने भी उसके साथ यौन अपराध किया। घटना के बाद आरोपितों ने किशोरी और उसके दोस्त को किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

पुलिस ने किशोरी की एम्स में चिकित्सकीय जांच कराई। मौके पर अपराध टीम और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। किशोरी के बयान के आधार पर अमर कॉलोनी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। इसी दौरान दक्षिण-पूर्वी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम को सूचना मिली कि आसिफ अमर कॉलोनी में डीएम कार्यालय रोड के पास आने वाला है। इंस्पेक्टर राजेंद्र डागर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आसिफ ने पुलिस टीम पर तीन गोलियां चलाईं। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी। इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।

पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में हेड कांस्टेबल राजेश ने दो गोलियां चलाईं, जिनमें से एक आसिफ के दाहिने पैर में लगी। घायल आरोपित को तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले में फरार दो अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार