home page

रिश्वत लेते गिरफ्तार सहायक अभियंता के घर से 43.38 लाख नकद और 20 किलो चांदी बरामद

 | 
रिश्वत लेते गिरफ्तार सहायक अभियंता के घर से 43.38 लाख नकद और 20 किलो चांदी बरामद


रिश्वत लेते गिरफ्तार सहायक अभियंता के घर से 43.38 लाख नकद और 20 किलो चांदी बरामद


जयपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत लेते गिरफ्तार पंचायत समिति भुसावर के सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद के आवास की खानातलाशी में 43.38 लाख रुपये नकद और करीब 20 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद की हैं।

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर भरतपुर इकाई ने 14 सितंबर को कार्रवाई करते हुए गोविन्द प्रसाद को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद भरतपुर एसीबी रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में आरोपी के रिहायशी मकान की खानातलाशी ली गई।

खानातलाशी के दौरान 43,38,500 रुपये नकद और करीब 20 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां मिलीं। इसके अलावा हिंडौन कस्बे में स्थित दो दुकानों, जयपुर के मानसरोवर में हाउसिंग बोर्ड के एक मकान तथा अन्य भू-संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए।

एसीबी के अनुसार बरामद नकदी, चांदी और संपत्तियों के दस्तावेजों के स्रोत, स्वामित्व तथा आय के ज्ञात स्रोतों से संबंध की जांच की जा रही है। प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम अनुसंधान एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश