झुंझुनू उद्योग केंद्र का असिस्टेंट ढाई हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
झुंझुनू, 17 मार्च (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान (एसीबी) झुंझुनू चौकी की टीम ने मंगलवार को जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र में महाप्रबंधक के सहायक नीरज कुमार को 2500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपित ने यह राशि केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना के तहत लोन आवेदन स्वीकृत करने के बदले मांगी थी।
एसीबी सूत्रों के अनुसार परिवादी ने प्रधानमंत्री युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत स्वरोजगार के लिए अपना लोन आवेदन विभाग में जमा करवाया था। इस आवेदन को मंजूर करवाने और फाइल को आगे बढ़ाने की एवज में कार्यालय सहायक नीरज कुमार ने परिवादी से सुविधा शुल्क के रूप में रिश्वत की मांग की। परिवादी ने बार-बार चक्कर काटने और अधिकारी द्वारा परेशान किए जाने के बाद एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र पूनिया ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम ने गोपनीय तरीके से सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर आज ट्रैप की योजना बनाई गई।
उद्योग केंद्र परिसर में इन दिनों एक जिला एक उत्पाद की प्रदर्शनी चल रही है जिससे वहां काफी चहल-पहल थी। इसी भीड़भाड़ और सरकारी कार्यक्रम के बीच आरोपी नीरज कुमार ने जैसे ही अपने कार्यालय में परिवादी से 2500 रुपये की नगद राशि ली वैसे ही एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया। यह पूरी कार्रवाई एसीबी के उप पुलिस अधीक्षक शब्बीर खान और उनकी टीम द्वारा अंजाम दी गई। फिलहाल आरोपित के पास मौजूद फाइलों की जांच कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश

