तीन तस्करों की 2.20 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
नशे के सौदागरों पर जोधपुर ग्रामीण पुलिस का आर्थिक प्रहार
जोधपुर, 10 नवम्बर (हि.स.)। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के जरिए अवैध कमाई कर बनाई गई तीन तस्करों की करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत की चल और अचल संपत्तियों को फ्रीज करवा दिया है।
पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की कुंडली खंगाली। गहन जांच-पड़ताल के बाद एनडीपीएस एक्ट की सख्त धारा 68-एफ के तहत यह कार्रवाई करते हुए सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली से आदेश अनुमोदित करवाकर संपत्तियों को फ्रीज किया गया है। पुलिस ने खोखरिया, थाना कापरड़ा निवासी घेवरराम पुत्र छोगाराम विश्नोई निवासी की संपत्ति फ्रीज की गई है। इसमें 95 लाख रुपये का एक आलीशान आवासीय मकान, 1 करोड़ 20 लाख रुपये के 2 भूखंड, इसके अलावा एक रॉयल एनफील्ड और एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल शामिल है। इसकी कुल फ्रीज की गई संपत्ति करीब 2 करोड़ 18 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा विष्णु की ढाणी, थाना कापरड़ा निवासी सागर उर्फ शेखर विश्नोई निवासी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीसरे आरोपी धर्मपाल उर्फ धर्माराम पुत्र शंकरराम जाट की एक टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल को जब्त किया गया है। एसपी पंकज यादव ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए एक गंभीर नासूर है। उन्होंने तस्करों को चेतावनी दी कि पुलिस की कार्रवाई सिर्फ यहीं नहीं रुकेगी, बल्कि तस्करी से जुड़े हर छोटे-बड़े आर्थिक स्रोतों, निवेश और संपत्तियों का पता लगाकर लगातार कठोर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

