हरियाणा विधानसभा के टिकट के नाम पर 7 करोड़ की ठगी का आरोप, दिल्ली में मुकदमा दर्ज
नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता गौरव कुमार की तहरीर पर गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले के नॉर्थ एवेन्यू थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में कांग्रेस पार्टी से जुड़े कुछ वरिष्ठ नेताओं और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
गौरव कुमार ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी को बावल विधानसभा सीट से टिकट दिलाने का भरोसा दिया गया था। वह पूर्व में महिला कांग्रेस में महासचिव भी रह चुकी हैं। कांग्रेस पार्टी के टिकट के एवज में अलग-अलग माध्यमों से उनसे करीब 7 करोड़ रुपये लिए गए। आरोप है कि यह रकम बैंक खातों और नकद के जरिए कई किस्तों में दी गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो उन्हें लगातार टालमटोल किया गया। उन्होंने दावा किया कि मामले को दबाने के लिए उन्हें दो करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया। हालांकि उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में गौरव कुमार ने अपने आरोपों के समर्थन में कई अहम सबूत पुलिस को सौंपने की बात कही। इनमें व्हाट्सएप चैट, बैंक स्टेटमेंट और ऑडियो रिकॉर्डिंग शामिल हैं, जो कथित लेन-देन और बातचीत को दर्शाते हैं।
वहीं पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहनता से जांच की जाएगी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

