विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पुलिस अलर्ट, हिस्ट्रीशीटरों की थाने में परेड
बांदा, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में विधानसभा चुनाव 2027 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के मद्देनजर पुलिस ने अभी से कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने सोमवार को थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को थाने बुलाकर उनका सत्यापन किया। इस दौरान पुलिस ने उनकी वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन और अन्य आवश्यक जानकारियों के संबंध में पूछताछ की।
पुलिस ने सभी हिस्ट्रीशीटरों को सख्त हिदायत दी कि विधानसभा चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा गैरकानूनी गतिविधि में शामिल न हों। अपराधियों और असामाजिक तत्वों से दूरी बनाए रखें। पुलिस ने उन्हें अपराध से दूर रहने तथा भविष्य में किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में संलिप्त नहीं होने की शपथ भी दिलाई।
इसके साथ ही निर्देश दिए गए कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आपराधिक घटना या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा आगामी चुनाव के दृष्टिगत हिस्ट्रीशीटर अपराधियों का सत्यापन किया गया तथा अपराध से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

