छेड़छाड़ का विरोध करने वालों से मारपीट, तीन आरोपित गिरफ्तार
दंतेवाड़ा, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के किरंदुल थाना क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने एक आरोपित मोहम्मद सालीन को गिरफ्तार किया है। घटना का विरोध करने वाले लोगों से मार-पीट करने के मामले में दो अन्य आरोपिताें मो. सजीद (22) एवं मो. आजाद (23) पर भी मामला दर्ज किया गया। किरंदुल पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में तीनों आरोपिताें को आज शनिवार काे गिरफ्तार कर कार्रवाई उपरांत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल कर दिया गया है।
किरंदुल पुलिस के अनुसार 14 अक्टूबर को किरंदुल निवासी युवती से छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(3) और 78 (2) के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार किया। वहीं छेड़छाड़ का विरोध करने वाले लोगों के साथ मारपीट करने के मामले में दो अन्य आरोपिताें के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2) और 3 (5) के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपित पीड़ित के साथ दोबारा विवाद कर उग्र होने लगे थे। इस पर उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस ) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

